सीरिया में 25000 शिया, आतंकवादियों के घेरे में
सीरिया के दक्षिण पश्चिम में 25000 से अधिक शिया मुसलमान, आतंकवादियों के घेरे में फंसे हुए हैं।
दक्षिण पश्चिम सीरिया के इदलिब के दो क्षेत्रों अलफ़ूआ और कफ़रया में 25000 से अधिक शिया मुसलमान आतंकवादियों के घेरे में फंसे हुए हैं। इन लोगों ने बान की मून से अपनी सुरक्षा की मांग की है।
अलअहद वेबसाइट के अनुसार अलफ़ूआ और कफ़रया वासियों ने संयुक्त राष्ट्रसंघ के महासचिव बान की मून और सीरिया के मामले में बान की मून के विशेष दूत दी-मिस्तूरा को अलग-अलग पत्र भेजकर आतंकवादियों द्वारा की गयी नाकाबंदी को समाप्त करने की मांग की है।
इन लोगों ने अपने पत्र में लिखा है कि दोनो क्षेत्रों में जलापूर्ति का केवल एक ही स्रोत है जिसपर आक्रमण करके आतंकवादी उसे नष्ट कर रहे हैं। पत्र के अनुसार जलस्रोत में विस्फोटक पदार्थों के गिरने के कारण अब वह पीने योग्य नहीं बचा है जिसके कारण एक बहुत ही भयानक मानव त्रासदी का ख़तरा बढ़ता जा रहा है।
अलफ़ूआ और कफ़रया वासियों ने अपने पत्र में कहा है कि इससे पहले भी हम राष्ट्रसंघ को इस ख़तरे के प्रति सचेत कर चुके हैं किंतु इस बारे में कोई कार्यवाही नहीं की गई। पत्रों के अनुसार इस समय अलफ़ूआ और कफ़रया में पच्चीस हज़ार से अधिक लोग जलसंकट से जूझ रहे हैं जिनमें बच्चे, बूढ़े और महिलाएं सभी सम्मिलित हैं।
उल्लेखनीय है कि अलफ़ूआ और कफ़रया वासी, मार्च 2015 से आतंकवादियों के घेरे में हैं।