कुछ अरब देशों व इस्राईल के बीच गुप्त संबंधों की पुष्टि
ज़ायोनी शासन के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने इस बात की पु्ष्टि की है कि इस शासन और कुछ अरब देशों के बीच गुप्त संबंध और गोपनीय वार्ताएं जारी हैं।
इस्राईली विदेश मंत्रालय के महानिदेशक डोरे गोल्ड ने बुधवार को बताया कि इस समय इस्राईल व कई अरब देशों के बीच वार्ताएं हो रही हैं लेकिन वे वार्ता के ब्योरे और उन देशों के नामों का उल्लेख नहीं कर सकते क्योंकि अरब पक्ष को इन संबंधों से पर्दा उठने पर अरब जगत में आम जनमत की नकारात्मक प्रतिक्रिया को लेकर चिंता है।
उन्होंने दोनों पक्षों के बीच विदित रूप से ठंडे संबंधों के पीछे घनिष्ठ संबंधों की सूचना दी और कहा कि इस बर्फ़ के नीचे गर्म पानी बह रहा है। डोरे गोल्ड ने कहा कि इस्राईल व फ़िलिस्तीन के मतभेदों का समाधान, पहली प्राथमिकता नहीं है। ज्ञात रहे कि हाल ही में मीडिया में इस प्रकार के समाचार आए थे कि ज़ायोनी अधिकारी और फ़ार्स की खाड़ी के कुछ तटवर्ती अरब देशों विशेष कर सऊदी अरब के अधिकारी आपसी संबंध बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। (HN)