दाइश के गढ़ रक़्क़ा में सीरियाई सेना की बढ़त
पूर्वोत्तरी सीरिया के रक़्क़ा प्रांत में जो, दाइश की गतिविधियों का गढ़ समझा जाता है, सीरियाई सेना ने बढ़त बनाई है।
अलमायादीन टीवी की रिपोर्ट के अनुसार सीरिया की सेना ने इस प्रांत के रस्साफ़ा क्षेत्र से हबारी के तेल संपन्न क्षेत्र की ओर बढ़त बनाई है। इस बीच दक्षिणी सीरिया में सुवैदा के क्षेत्र में सीरिया के सैनिकों ने आतंकी गुट दाइश के पांच वाहनों को ध्वस्त कर दिया। दरआ में भी आतंकी गुट नुस्रा फ़्रंट के एक ठिकाने और कई वाहनों को सीरियाई बलों ने ध्वस्त कर दिया। इस हमले में कई आतंकी मारे गए।
उधर एक आतंकी ने पूर्वोत्तरी प्रांत हसका के क़ामेशली नगर में स्थित एक पार्क के सामने स्वयं को विस्फोटित कर दिया जिसके परिणाम स्वरूप एक व्यक्ति हताहत और पांच अन्य घायल हो गए। सीरियाई मानवाधिकार केंद्र ने भी बताया है कि तुर्क सीमा रक्षक बलों की फ़ायरिंग में कम से कम 60 सीरियाई शरणार्थी मारे गए हैं। (HN)