दाइश ने हलब में 900 लोगों का अपहरण किया
-
दाइश के आतंकी एक अज्ञात स्थान पर (फ़ाइल फ़ोटो)
सीरिया में दाइश के आतंकियों ने 900 लोगों का अपहरण किया है।
सीरिया में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश ने, पूर्वोत्तरी सीमावर्ती प्रांत हलब में कुर्दों के एक क़स्बे से रिपोर्ट के अनुसार 900 लोगों का अपहरण किया है।
कथित सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ॉर ह्यूमन राइट्स ने शुक्रवार को बताया कि इन लोगों का हलब के एक क़स्बे और 15 गावों को अपहरण किया गया। ब्रिटेन स्थित इस संगठन के अनुसार, कुछ अपहृत लोगों को हलब में कुर्दों के क़बासीन क़स्बे पहुंचाया गया है जबकि कुछ दूसरों को तुर्की की सीमा के क़रीब स्थित राई और मम्बीज शहर पहुंचाया गया है जहां उन्हें या तो ख़न्दक़ खोदने या मानव ढाल के रूप में प्रयोग किये जाने की संभावना है क्योंकि इन दोनों शहरों में दाइश को कई ओर से कार्यवाहियों का सामना है।
इस बीच एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, दाइश ने हलब में 18 लोगों को जान से इसलिए मार दिया क्योंकि वे दाइश की क़ैद से बच निकलने की कोशिश कर रहे थे।
हलब का प्रांतीय केन्द्र इन दिनों सीरिया की अलक़ाएदा शाखा नुस्रा फ़्रंट की ओर से निरंतर फ़ायरिंग की ज़द पर है। यह प्रांत सीरियाई सेना का बहुत अहम मोर्चा समझा जाता है जहां अभी हाल में 170 तकफ़ीरी आतंकी मारे गए।
सीरियाई सेना रूसी वायु सेना की मदद से पड़ोसी प्रांत रक़्क़ा में दाख़िल हो चुकी है। इसी प्रकार सीरियाई सैनिक इस प्रांत के केन्द्र की ओर बढ़ रहे हैं जिसे दाइश अपना मुख्यालय कहता है।
समझा जाता है कि रक़्क़ा पर सीरियाई सेना और इराक़ के मूसिल शहर पर इराक़ी सेना के नियंत्रण से दाइश की कमर टूट जाएगी।
दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र संघ ने अनुमान लगाया है कि सीरिया में 50 लाख लोगों को मानवीय सहायता की ज़रूरत है। ये लोग ऐसे क्षेत्रों में हैं जहां पहुंचना कठिन है। (MAQ/N)