इराक़ में दाइश के आतंकियों के बीच मतभेद में वृद्धि
आतंकवादी गुट दाइश के आतंकियों के बीच आपस में उत्तरी इराक़ में झड़पें हुई हैं जिनमें कई आतंकवादी मारे गए हैं।
इराक़ के एक रक्षा सूत्र ने देश के अधिकांश क्षेत्रों से दाइश को खदेड़ने में इराक़ियों की सफलता की ओर संकेत करते हुए बताया कि आतंकी गुट दाइश के बीच गंभीर मतभेद बढ़ने के बाद मूसिल के यरमूक क्षेत्र में उनके बीच सशस्त्र झड़पें आरंभ हो गई हैं जिनमें अबतक सात आतंकी मारे जा चुके हैं। इस रिपोर्ट के अनुसार दाइश के आतंकियों ने इराक़ी बलों को रोकने के लिए मूसिल नगर के कई पुलों को सिमेंट के ब्लाॅक्स से बंद कर दिया है।
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा है कि फ़ल्लूजा की स्वतंत्रता के बाद देश के सुरक्षा बलों का अगला टार्गेट, मूसिल नगर को दाइश के नियंत्रण से स्वतंत्र कराना है। इस बीच मूसिल प्रांत के दक्षिण में स्थित अलहज़र शहर से दाइश के सैकड़ों आतंकी भाग खड़े हुए हैं। फ़रार होने वाले आतंकियों की संख्या में वृद्धि के चलते, मूसिल में बाक़ी बचे दाइश के आतंकियों का मनोबल बुरी तरह से गिर गया है। (HN)