इराक़ी जनता फ़ल्लूजा की आज़ादी का जश्न मनाएः अलएबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री अलअंबार प्रांत के फ़ल्लूजा शहर पहुंच गए हैं और उन्होंने देश के सभी लोगों से कहा है कि वे दाइश के चंगुल से इस शहर की स्वतंत्रता का जश्न मनाएं।
हैदर अलएबादी इराक़ी बलों के हाथों रविवार को फ़ल्लूजा नगर की पूर्ण स्वतंत्रता के बाद इस नगर में पहुंचे। उन्होंने फ़ल्लूजा अस्पताल के सामने इराक़ी बलों के बीच भाषण करते हुए कहा कि मैं इराक़ के सभी लोगों से, चाहे वे जहां भी हों, यह चाहता हूं कि वे सड़कों पर निकल आएं और जश्न मनाएं। सरकारी टीवी से सीधे प्रसारित होने वाले अपने भाषण में इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में दाइश के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने इसी तरह इस बात का उल्लेख करते हुए कि कुछ राजनितिज्ञ भड़काऊ बयान दे रहे हैं, कहा कि हम किसी भी स्थिति में इस बात की अनुमति नहीं देंगे कि राजनैतिक दाइश, स्वतंत्र होने वाले क्षेत्रों में घुस जाए।
फ़ल्लूजा की स्वतंत्रता के अभियान के कमांडर अब्दुल वहाब साएदी ने रविवार को फ़ल्लूजा की पूर्ण स्वतंत्रता की घोषणा करते हुए कहा कि हम यहां फ़ल्लूजा के केंद्र जौलान से घोषणा करते हैं कि यह नगर दाइश के आतंकियों से पूरी तरह स्वतंत्र हो गया है और इराक़ी जनता को यह शुभ सूचना देते हैं कि फ़ल्लूजा की लड़ाई समाप्त हो गई है। ज्ञात रहे कि दाइश से फ़ल्लूजा की स्वतंत्रता का अभियान 23 मई को प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के आदेश पर शुरू किया गया था। इस अभियान में इराक़ी सेना, पुलिस, आतंकवाद निरोधक बल, क़बायली बल और स्वयं सेवी बल के 22 हज़ार जवानों ने भाग लिया। (HN)