मूसिल के लोग स्वतंत्रता के लिए तैयार रहेंः अलएबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री ने कहा है कि मूसिल के दक्षिण में स्थित अलक़य्यारा की रणनैतिक हवाई छावनी की स्वतंत्रता के बाद लोगों को दाइश के आतंकियों से मूसिल की पूर्ण स्वतंत्रता के लिए तैयार रहना चाहिए।
हैदर अलएबादी ने शनिवार को कुछ सैन्य अधिकारियों से मुलाक़ात में कहा कि क़य्यारा की स्वतंत्रता, आतंकवाद के ख़िलाफ़ इराक़ी राष्ट्र की विजय है। ज्ञात रहे कि मूसिल के दक्षिण में 73 किलो मीटर की दूरी पर स्थित अलक़य्यारा की हवाई छावनी, इस क्षेत्र का रणनैतिक समझी जाती है जहां इराक़ी युद्धक विमान उतर सकते हैं और मूसिल की स्वतंत्रता में अहम भूमिका निभा सकते हैं। नैनवा की प्रांतीय परिषद ने भी बताया है कि दाइश के आतंकी अलक़य्यारा में अधिक प्रतिरोध नहीं कर सकते थे और इराक़ी बलों ने बिना किसी ख़ास झड़प के इस हवाई छावनी को मुक्त करा लिया।
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा कि तकफ़ीरी आतंकी गुट दाइश की छावनी कहलाने वाले नगर मूसिल की स्वतंत्रता भी फ़ल्लूजा की स्वतंत्रता की तरह निश्चित है। उन्होंने कहा कि दाइश के विरुद्ध सैन्य कार्यवाही, संचार माध्यमों की नज़रों से दूर रहते हुए निरंतर जारी है और देश की सेना मूसिल की ओर 100 किलो मीटर से अधिक आगे बढ़ चुकी है। नैनवा के राज्यपाल नूफ़िल हम्मादी ने भी बताया है कि दाइश के आतंकी क़य्यारा शहर से अपने परिवार वालों के साथ मूसिल की ओर भाग गए हैं। (HN)