सीरिया में संघर्ष विराम के लिए हुई रूस-अमरीका में सहमति
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i17809-सीरिया_में_संघर्ष_विराम_के_लिए_हुई_रूस_अमरीका_में_सहमति
अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा है कि वॉशिंग्टन और मॉस्को, सीरिया में संघर्ष विराम को बचाने के लिए व्यापक क़दम उठाने पर सहमत हुए हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul १६, २०१६ १४:३१ Asia/Kolkata
  • सीरिया में संघर्ष विराम के लिए  हुई रूस-अमरीका में सहमति

अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा है कि वॉशिंग्टन और मॉस्को, सीरिया में संघर्ष विराम को बचाने के लिए व्यापक क़दम उठाने पर सहमत हुए हैं।

इस्ना के अनुसार, जॉन केरी ने मॉस्को में अपने रूसी समकक्ष सिर्गेई लावरोफ़ के साथ संयुक्त प्रेस कान्फ़्रेंस में कहा कि वे इस सहमति का ब्योरा उस वक़्त तक सार्वजनिक नहीं करेंगे जबतक शांति स्थापित करने के लिए पर्दे के पीछे गतिविधियां जारी रखने का मार्ग समतल नहीं हो जाता।

उन्होंने लावरोफ़ के साथ 12 घंटे तक चली बातचीत के बाद कहा कि इस क़दम के तहत सीरिया संकट के सभी पक्षों के लिए स्पष्ट ज़िम्मेदारियां निर्धारित होंगी।

दूसरी ओर रूसी विदेश मंत्री सरगेई लावरोफ़ ने कहा है कि सीरिया में संकट को हल करने के लिए रूस और अमरीका जो क़दम उठाएंगे उसकी व्यापक समीक्षा होगी।

उन्होंने कहा कि मॉस्को और वॉशिंग्टन, सीरिया के संबंध में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत स्टीफ़न दी मिस्तूरा की ज़िम्मेदारी बढ़ाने और सीरिया में राजनैतिक सुधार के लिए प्रस्ताव पेश करने का इरादा रखते हैं।

दि मिस्तूरा ने गुरुवार को कहा था कि वे सीरिया में शांति वार्ता को अगस्त से फिर से शुरु करवाना चाहते हैं।

उस दस्तावेज़ के अनुसार जिससे वॉशिंग्टन पोस्ट ने पर्दा उठाया है, केरी, दाइश और जिबहतुन नुस्रा के ख़िलाफ़ अमरीका तथा रूस के संघर्ष को एकीकृत करने का प्रस्ताव लेकर मॉस्को गए हैं। इसके मुक़ाबले में रूस उन लक्ष्यों के ख़िलाफ़ अपनी कार्यवाही सीमित करेगा जिनकी अमरीका ने पुष्टि की होगी। (MAQ/N)