अमरीकी सैनिकों को मुक़तदा सद्र की कड़ी चेतावनी
मुक़तदा सद्र ने कहा है कि मूसिल की स्वतंत्रता के अभियान में यदि अमरीकी सैनिकों ने भाग लिया तो उनको निशाना बनाया जाएगा।
सद्र धड़े के प्रमुख मुक़तदा सद्र ने घोषणा की है कि मूसिल नगर की स्वतंत्रता के लिए चलाए जा रहे अभियान में यदि अमरीकी सैनिकों ने भाग लेने का प्रयास किया तो उनको लक्ष्य बनाया जाएगा।
उन्होंने अमरीकी रक्षामंत्री की हालिया इराक़ यात्रा का उल्लेख करते हुए जिसमें एश्टन कार्टर ने 560 अमरीकी सैनिकों को इराक़ भेजने की बात कही थी, कहा कि यदि अमरीकी सैनिकों ने मूसिल की स्वतंत्रता के अभियान में भाग लेने का प्रयास किया तो उनपर हमला किया जाएगा।
ज्ञात रहे कि अमरीकी रक्षामंत्री ने हाल ही में इराक़ यात्रा के दौरान अपने देश के 560 सैनिकों को इराक़ भेजने की बात कही थी। इराक़ के बहुत सै राजनैतिक हल्क़ों का मानना है कि अमरीका इस प्रकार से इराक़ में अपनी सैन्य उपस्थिति की भूमिका प्रशस्त करना चाहता है जबकि बहुत से राजनैतिक टीकाकारों का कहना है कि दाइश के विरुद्ध युद्ध में अमरीका बिल्कुल भी गंभीर नहीं है।
उल्लेखनीय है कि आतंकवादी गुट दाइश के नियंत्रण से मूसिल को स्वतंत्र कराने के लिए , इराक़ी सेना का अभियान जारी है जिसमें उसे निरंतर सफलताएं मिल रही हैं।