अमरीका, तुर्की या गोलन में से एक का चयन करेः अर्दोग़ान
तुर्की के राष्ट्रपति ने अमरीका से एक बार फिर मांग की है कि वह तुर्की के सरकार विरोधी फ़त्हुल्लाह गोलन को अन्कारा के हवाले करे।
अर्दोग़ान ने अन्कारा में राष्ट्रपति भवन के समक्ष हज़ारों लोगों के एक जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वाॅशिंग्टन को तुर्की और गोलन में से किसी एक का चयन करना होगा। उन्होंने कहा कि अमरीका को बहुत जल्दी यह चयन करना होगा, या तो वह आतंकी व विद्रोही गोलन का चयन करे या फिर प्रजातांत्रिक देश तुर्की का। तुर्क राष्ट्रपति ने कहा कि अन्कारा ने विफल विद्रोह में गोलन की भूमिका को सिद्ध करने वाले दस्तावेज़ों के 85 बाॅक्स वाॅशिंग्टन भेजे हैं।
ज्ञात रहे कि तुर्क सरकार फ़त्हुल्लाह गोलन को, जो अमरीका के पेन्सिलवानिया राज्य में आत्म निर्वासित जीवन बिता रहे हैं, देश में होने वाले विफल विद्रोह का मास्टर माइंड मानती है। इस विद्रोह के कारण अमरीका व यूरोप से तुर्की के संबंधों में खटास आ गई है।
वाॅशिंग्टन ने गोलन को तुर्की के हवाले करने से इन्कार कर दिया है और उसका कहना है कि विद्रोह में उनकी भूमिका को सिद्ध करने के लिए ठोस प्रमाणों की ज़रूरत है। गोलन ने भी इस विद्रोह में अपनी किसी भी प्रकार की भूमिका से इन्कार किया है और कहा है कि यह सत्ता में बने रहने के लिए सत्तारूढ़ विकास व न्याय पार्टी का एक हथकंडा है। (HN)