अमरीका, सीरिया युद्ध को लम्बा खींचना चाहता हैः बश्शार जाफ़री
संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा है कि अमरीका, सीरिया में युद्ध को लम्बे समय तक जारी रखने के प्रयास में है।
बश्शार जाफ़री ने अलमयादीन टीवी चैनल से बात करते हुए सीरिया के संबंध में संयुक्त राष्ट्र संघ की एक पक्षीय नीतियों की आलोचना की और कहा कि सीरिया में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की बात सिर्फ़ पश्चिमी देशों का षड्यंत्र है। उन्होंने इस मामले की समीक्षा के लिए सुरक्षा परिषद की बैठक के बारे में कहा कि सीरिया सरकार की ओर से रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के बारे में कोई प्रमाण नहीं है और इस संबंध में जो रिपोर्टें पेश की जा रही हैं वे निराधार हैं।
संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा कि कुछ देशों ने सीरिया संकट के आरंभ से ही अपनी दुश्मनी दिखाना शुरू कर दिया था ताकि सीरिया सरकार की पोज़ीशन कमज़ोर कर सकें और उन्होंने ही शक्ति के बल पर सीरिया में सत्ता परिवर्तन का खेल आरंभ किया था। बश्शार जाफ़री ने इसी तरह तुर्की की सेना द्वारा सीरिया की वायु व ज़मीनी सीमा के उल्लंघन की आलोचना करते हुए कहा कि हमने सुरक्षा परिषद से मांग की है कि वह इस मामले की समीक्षा करके अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करे। (HN)