सीरियाई सेनाः युद्ध विराम खत्म !
सीरिया की सेना ने एेलान किया है कि अमरीका और रूस की मध्यस्थता से 7 दिवसीय युद्ध विराम खत्म हो गया।
सीरियाई सेना ने इस बात का ज़िक्र किये बगैर कि युद्ध विराम की अवधि बढ़ायी जाएगी या नहीं एक बयान जारी करके कहा है कि आतंकवादी गुटों ने युद्ध विराम के किसी भी नियम का पालन नहीं किया और युद्ध विराम को ताज़ा दम होने के लिए इस्तेमाल किया।
इस बयान में कहा गया है कि आतंकवादी गुटों ने 300 से अधिक बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया है।
सीरिया में कमज़ोर युद्ध विराम के दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर युद्ध विराम के उल्लंघन का बार बार आरोप लगाया है।
सीरिया में युद्ध विराम पर सहमति अमरीका और रूस के विदेशमंत्रियों के मध्य वार्ता के बाद हुई थी।
इस युद्ध विराम में आतंकवादी गुट दाइश और फत्हुश्शाम शामिल नहीं थे।
सीरियाई सेना ने युद्ध विराम समाप्त होने का एेलान एेसी हालत में किया है कि जब अमरीका और रूस के विदेशमंत्रियों ने टेलीफोनी वार्ता में युद्ध विराम की अवधि को 48 घंटे तक बढ़ाने पर सहमति प्रकट की थी।
सीरिया में युद्ध विराम के बाद झड़पों में असाधारण रूप से कमी आयी थी किंतु गत सप्ताह के अंत में हु्म्स और हमा प्रान्तों और इसी प्रकार सीरिया की राजधानी दमिश्क़ के पूरब में झड़पें हुई थीं।
इसी मध्य अमरीकी युद्धक विमानों ने सीरिया के देरुज़्ज़ूर प्रान्त में सीरियाई सैनिकों के ठिकाने पर बमबारी कर दी।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को एक बयान जारी करके बताया था कि दैरुज़्ज़ूर हवाई अड्डे पर अमरीका की बमबारी में कम से कम 62 सीरियाई सैनिक मारे गये और 100 से अधिक घायल हुए।
कुछ अन्य सूत्रों ने मारे जाने वाले सीरियाई सैनिकों की संख्या 90 बतायी है।
अमरीका का कहना है कि यह हमला गलती से हुआ जबकि रूस और सीरिया ने कहा है कि इस हमले से यह साबित हो गया कि अमरीका आतंकवादी संगठन दाइश का समर्थक है।
सीरियाई सैनिकों पर अमरीका की इस बमबारी के तत्काल बाद दाइश के आतंकवादियों आस पास के कई क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर लिया जिसे कुछ घंटों बाद स्वतंत्र करा लिया गया। (Q.A.)