बग़दाद में कई इलाक़ों में आतंकवादी धमाकों में अनेक लोग हताहत
इराक़ की राजधानी बग़दाद में कई आतंकवादी धमाके हुए, जिसमें दर्जनों व्यक्ति हताहत व घायल हुए।
इराक़ के सुरक्षा व अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पश्चिमी बग़दाद के आमिल मुहल्ले के बाज़ार में एक आत्मघाती ने ख़ुद को धमाके से उड़ा लिया, जिसमें कम से कम 7 लोग हताहत और 20 अन्य घायल हुए।
घायलों की चिंताजनक स्थिति के कारण इस धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
पूर्वी बग़दाद के मिश्तल इलाक़े में भी टैक्सी व बस स्टैंड के पास एक आत्मघाती ने ख़ुद को उड़ा लिया, जिसमें कम से कम 5 लोग हताहत और 11 अन्य घायल हुए।
उत्तरी बग़दाद में एक धमाका हुआ जिसमें 3 व्यक्ति हताहत हुए।
यह हमले मोहर्रम के शुरु होते ही हुए हैं। यह महीना इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और उनके साथियों की शहादत के लिए शोक सभाओं के आयोजन का महीना है। इस महीने में पूरी दुनिया में शिया समुदाय इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और उनके साथियों की याद में शोक सभाएं आयोजित करते हैं।
रिपोर्ट मिलने तक किसी गुट ने इन आतंकवादी हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली थी, हालांकि इससे पहले इस तरह के बहुत से आतंकी हमलों की दाइश ने ज़िम्मेदारी ली है।
इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने पिछले एक साल में दाइश के ख़िलाफ़ बड़ी सफलताएं हासिल की है। इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने बीजी, तिकरीत, रोमादी और फ़ल्लूजा जैसे महत्वपूर्ण शहरों से दाइश को मार भगाया है।
इराक़ सरकार ने 2016 के अंत तक दाइश के अंतिम ठिकाने मूसिल को आज़ाद कराने का संकल्प लिया है। (MAQ/N)