हज़रत सकीना के रौज़े पर हमला करने वाला आतंकी मारा गया
इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की सुपुत्री हज़रत सकीना के रौज़े पर हमला करने वाला आतंकवादी मारा गया।
प्रेस टीवी के अनुसार सीरिया के सुरक्षा सूत्रों ने सूचना दी है कि शहीद दारिया गुट नामक आतंकी संगठन का कमांडर "अबू जाफ़र अलहोम्सी" मारा गया जिसने सीरिया में हज़रत सकीना के रौज़े पर हमला किया था। उसने नुस्रा फ़्रंट के साथ मिलकर एक संयुक्त कार्यवाही के दौरान हज़रत सकीना के रौज़े पर गोलीबारी की थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि "अबू जाफ़र अलहोम्सी" सीरिया के इदलिब प्रांत के दरकूश नामक नगर में गुरूवार को मारा गया। इस आतंकवादी के मारे जाने के बारे में दो अलग-अलग कथन हैं। एक में कहा गया है कि वह आतंकवादियों के बीच होने वाली झड़प में मारा गया जबकि एक अन्य कथन के अनुसार वह एनुज़्ज़रक़ा नामक नदी में डूब कर मर गया।
"अबू जाफ़र अलहोम्सी" नामक यह आतंकवादी, सीरिया की सेना का भगोड़ा है। सीरिया संकट के आरंभ होते ही वह आतंकवादी गुटों से जा मिला और विध्वंसक कार्यवाहियों में लग गया था। पिछले महीने वह अपने कई आतंकवादी साथियों के साथ वह इदलिब पहुंचा था।