हलब में आतंकवादियों का रासायनिक हमला, 35 सीरियाई नागरिक घायल
सीरिया में सक्रीय आतंकवादियों ने एक बार फिर हलब में आम नागरिकों के ख़िलाफ़ रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किया है।
सीरियाई समाचार एजेंसी साना के अनुसार आतंकवादियों ने सीरिया के उत्तरी शहर हलब के हमदानिया क्षेत्र पर रासायनिक रॉकेट दागा है। इस हमले में कम से कम 35 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। रासायनिक हमले में घायल हुए कुछ लोगों की हालत गंभीर है।
ज्ञात रहे कि यह पहली बार नहीं है जब अमरीका और सऊदी अरब का समर्थन प्राप्त आतंकवादियों ने सीरिया के आम नागरिकों के विरूद्ध रसायनिक हथियारों का प्रयोग किया है।
दूसरी ओर प्राप्त समाचारों के अनुसार हमदानिया और मुरिदान क्षेत्रों पर हुए आतंकवादियों के रॉकेट हमलों में एक बच्ची सहित दो लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं। आतंकवादियों ने शुक्रवार को पश्चिमी हलब के निकट के क्षेत्रों पर रॉकेटों से हमले किए थे जिसमें 15 आम नागरिक हताहत हुए थे और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे।
उल्लेखनीय है कि सीरिया के हलब नगर में सीरियाई सेना और अमरीका व सऊदी अरब समर्थित आतंकवादी गुटों के बीच भीषण लड़ाई जारी है। हलब शहर 2012 से दो भागों में बंटा हुआ है। इसके पूर्वी भाग में आतंकवादियों ने कब्ज़ा कर रखा है जबकि पश्चिमी भाग सीरियाई सेना के नियंत्रण में है। (RZ)