हटाए गए सऊदी अरब के अनुभवी वित्त मंत्री
सऊदी अरब के आले सऊद शासन ने अपने 20 साल के अनुभवी वित्त मंत्री को हटा दिया है।
सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी ने एक शाही फरमान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि वित्त मंत्री इब्राहिम बिन अब्दुल अज़ीज़ अल-एसाफ़ को उनके पद से बर्ख़ास्त कर दिया गया है और उनकी जगह मोहम्मद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुल अज़ीज़ अल-जुदआन को नया वित्त मंत्री बना दिया है।
सऊदी अरब की अपनी विनाशकारी नीतियों के परिणामस्वरूप तेल की कीमतों में कमी से उत्पन्न होने वाले आर्थिक संकट के कारण आले सऊद शासन ने 20 साल पुराने और अनुभवी वित्त मंत्री को उनके पद से हटा दिया है।
याद रहे कि 2014 में तेल की कीमतों में भारी कमी आने के बाद सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था को भारी नुक़सान पहुँचा जिसके कारण 2015 में सऊदी अरब को गंभीर बजट घाटे का सामना करना पड़ा और उसका बजट घट कर 100 अरब डॉलर तक पहुंच गया जिसके कारण आले सऊद सरकार कर्ज़दार हो गई।
प्राप्त समाचारों के अनुसार आले सऊद शासन ने लगातार हो रहे बजट घाटे के कारण वित्त मंत्री को हटाने से पहले दो दशक से पेट्रोलियम मंत्रालय का पद संभाल रहे अली अल-नईमी को भी बर्ख़ास्त कर दिया था। लेकिन अब्दुल अज़ीज़ अल-एसाफ़ बतौर वित्त मंत्री अपने पद पर बाक़ी थे, जिन्हें अब उनके पद से हटा दिया गया है।
दूसरी ओर कुछ जानकारों का मानना है कि सऊदी अरब के वित्त मंत्री को हटाए जाने का फ़ैसला उनके द्वारा एक टीवी कार्यक्रम में भाग लेना है। उल्लेखनीय है कि बर्ख़ास्त सऊदी वित्त मंत्री ने पिछले महीने दो अन्य अधिकारियों के साथ एक टीवी कार्यक्रम में भाग लिया था, जिस कार्यक्रम में मुहम्मद बिन सलमान के आर्थिक सुधार कार्यक्रम का बचाव करने की कोशिश की लेकिन सऊदी जनता उनके बयान से संतुष्ट नहीं हुई और उनको जनता की ओर से गंभीर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। (RZ)