पश्चिमी हलब में सीरियाई सेना की बढ़त
सीरिया की सेना ने हलब नगर के पश्चिमी भाग में अपनी प्रगति जारी रखते हुए लगभग 1100 घरों की एक काॅलोनी को दाइश के चंगुल से मुक्त करा लिया है।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार सीरियाई सेना ने स्वयं सेवी बलों और अपने घटकों की सहायता से दक्षिण-पश्चिमी हलब में स्थित 1070 घरों की एक आवासीय काॅलोनी और उसके आस-पास के पर्वतीय क्षेत्रों को पूरी तरह से अपने नियंत्रण में ले लिया है। सीरिया की सेना ने मंगलवार की सुबह को ही पश्चिमी हलब की मोता और उम्मे रख़म नामक पहाड़ियों को अपने नियंत्रण में लेकर इस काॅलोनी की ओर दाइश के रसद के मार्ग को बंद कर दिया था। सीरियाई सूत्रों के अनुसार इस काॅलोनी पर सीरियाई सेना के नियंत्रण से पश्चिमी हलब के ही ज़ाहिया असद क्षेत्र को आतंकियों से मुक्त कराना काफ़ी सरल हो जाएगा।
सीरियाई सेना ने इसी तरह हलब के दक्षिण पश्चिम में स्थित आतंकियों के ठिकानों पर तोपख़ाने से हमला किया। ज्ञात रहे कि हलब नगर, जो एक समय सीरिया में पर्यटन का केंद्र माना जाता था, इस समय आतंकी गुटों और सीरिया की सेना के बीच भीषण युद्ध के मैदान में परिवर्तित हो चुका है। (HN)