मूसिल आॅप्रेशन के दौरान सात अन्य गांव मुक्त
इराक़ी बलों ने मूसिल अभियान के दौरान सात अन्य गांवों को दाइश के आतंकियों से मुक्त करा लिया है।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सिंजार प्रतिरोध इकाई के प्रवक्ता देज़वार फ़क़ीर ने बताया है कि सिंजार के निकट स्थित सकीनिया और हयाली गांवों को दाइश के आतंकियों और विस्फोटकों से मुक्त करा लिया गया है। इराक़ी स्वयं सेवी बलों ने शनिवार से सिंजार के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित आतंकी गुट दाइश के ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं।
स्वयं सेवी बलों ने इसी तरह मूसिल के पश्चिम में स्थित पांच गांवों को दाइश के चंगुल से स्वतंत्र करा लिया है। इस दौरान होने वाली झड़पों में अनेक आतंकवादी मारे गए हैं। ज्ञात रहे कि मूसिल की स्वंत्रतता का अभियान 17 अक्तूबर से इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के आदेश पर शुरू हुआ है। इस अभियान में सेना, पुलिस, स्वयं सेवी बल और कुर्द मिलिशिया के दसियों हज़ार बल भाग ले रहे हैं। इराक़ी बलों ने कई दिशाओं से मूसिल में दाइश के ठिकानों पर हमले किए हैं और निरंतर इस शहर के केंद्र की ओर बढ़ते जा रहे हैं। (HN)