रूस द्वारा सीरिया का समर्थन महत्वपूर्णः बश्शार असद
सीरिय के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा है कि रूस, सीरियाई राष्ट्र के कष्टों व दुखों को कम करने के लिए आर्थिक क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीरिया का समर्थन जारी रखेगा।
फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार, सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने मंगलवार को रूस के उप प्रधानमंत्री दिमित्री रोगज़ीन के नेतृत्व में आए एक प्रतिनिधि मंडल से मुलाक़ात में कहा कि सीरिया की जनता के दुख दर्द का कारण आतंकवाद से संघर्ष और देश के विरुद्ध थोपा गया आर्थिक प्रतिबंध है।
बश्शार असद ने कहा कि सीरिया में आतंकवाद से संघर्ष और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मास्को की नीति ने सिद्ध कर दिया कि मास्को की स्थिति, सिद्धांतों, मूल्यों और अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों, देशों की संप्रभुता के सम्मान और देश के भविष्य निर्धारण में उनके अधिकारों के सम्मान पर आधारित है।
रूस के उप प्रधानमंत्री ने भी इस मुलाक़ात में बल दिया कि रूस द्वारा दमिश्क़ के राजनैतिक, आर्थिक और सैन्य समर्थन का मुख्य कारण आतंकवाद के मुक़ाबले में इस देश के प्रतिरोध को मज़बूत करना है। उनका कहना था कि सीरिया में आतंकवादियों की उपस्थिति दूसरे देशों के लिए ख़तरनाक है।
ज्ञात रहे कि रूस का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल जिसमें उप प्रधानमंत्री, उप विदेशमंत्री, उप रक्षामंत्री सहित कई वरिष्ठ मंत्री शामिल हैं सीरिया की यात्रा पर है। इस रूसी प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात की है। (AK)