पूर्वी हलब के काफ़ी अंदर पहुंचे सीरियाई सैनिक
-
12 नवंबर 2016 सीरियाई सैनिक पश्चिमी हलब के मिनयान गांव को आज़ाद कराने के बाद इस इलाक़े में अपने वाहन के सामने इकट्ठा दिखाई दे रहे हैं
सीरियाई सैनिक पूर्वी हलब से आम नागरिकों को बाहर जाने से रोक रहे आतंकियों के ख़िलाफ़ अपना अभियान जारी रखते हुए इस इलाक़े में बहुत अंदर तक पहुंच गए हैं।
कथित सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ार ह्यूमन राइट्स के अनुसार, सीरियाई सैनिक सीरियाई वायु सेना के संरक्षण में पूर्वी हलब के मसाकिन हनानो इलाक़े में दाख़िल हो गए हैं।
मसाकिन हनानो 2012 में विदेश समर्थित आतंकियों के क़ब्ज़े में जाने वाला हलब का पहला इलाक़ा था और यह स्ट्रैटिजिक लेहाज़ से भी बहुत अहम है।
कथित सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ार ह्यूमन राइट्स के अनुसार, अगर सीरियाई सैनिक इस इलाक़े को पूरी तरह अपने नियंत्रण में लेने में सफल हो गए तो वह उत्तरी हलब के आतंकियों के नियंत्रण वाले इलाक़ों का संपर्क आतंकियों के नियंत्रण वाले अन्य इलाक़ों से काटने में सफल हो जाएंगे।
सीरियाई सेना ने वाहन से पैम्फ़लट गिराए हैं जिसमें आतंकियों से जनता के बीच खाद्य पदार्थ बांटने, क्षेत्र छोड़ने और स्थानीय लोगों को सीरियाई सैनिकों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में जाने देने की अपील की गयी है।
कथित सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ार ह्यूमन राइट्स ने कहा कि आतंकियों ने दर्जनों परिवार को पूर्वी हलब से बाहर जाने से रोक दिया जिस तरह इससे पहले उन्होंने इस महीने के शुरु में सीरिया और रूस की ओर से लागू किए गए संघर्ष विराम के वक़्त किया था।
सीरियाई सेना विदेश समर्थित आतंकियों के ख़िलाफ़ कई मोर्चों पर लड़ रही है।
असोशिएटेड प्रेस ने हलब के शैख़ मक़सूद इलाक़े के एक निवासी का हवाला दिया जिसने इस रिपोर्ट की पुष्टि की है। शैख़ मक़सूद हलब के मोर्चाबंदी वाले इलाक़ों में है। (MAQ/N)