आतंकियों का मनोबल बढ़ा रही है क़तर सरकार
सीरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क़तर के विदेश मंत्री का यह बयान कि उनका देश सीरिया में आतंकी संगठनों के बारे में अंतर्राष्ट्रीय दृष्टिकोण बदल जाने के बावजूद इन संगठनों की मदद जारी रखेगा, लगातार पराजय का सामना कर रहे आतंकियों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश है।
सीरिया के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सीरिया में सक्रिया आतंकी संगठनों के साथ क़तर सरकार के रिश्ते एक बार फिर सामने आए हैं जिसने इन संगठनों की हर तरह से मदद की है।
बयान में कहा गया है कि यह बात साफ़ हो चुकी है कि क़तर की सरकार आतंकी संगठनों से संबंध रखती है और आतंकी संगठनों के पास मौजूद बंधकों की रिहाई में क़तर की बार बार मध्यस्थता से सब समझ चुके हैं कि क़तर सरकार आतंकी संगठनों से संपर्क का चैनल है।
सीरियाई विदेश मंत्रालय ने कहा कि सीरिया में आतंकवाद पतन की ओर बढ़ रहा है, अब विश्व समुदाय की ज़िम्मेदारी है कि आतंकवाद को संरक्षण देने वाली सरकारों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही करे जो सारी दुनिया की शांति व सुरक्षा को ख़तरे में डाल रही हैं।