तुर्की के साथ अपरोक्ष युद्ध जारीः सीरिया
सीरिया के रक्षामंत्रालय के एक अधिकारी ने उत्तरी सीरिया में तुर्की के साथ अपरोक्ष युद्ध की सूचना दी है।
बुरासा समाचार एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार, सीरिया के रक्षामंत्रालय के राजनैतिक विभाग के प्रमुख समीर सुलैमान ने उत्तरी सीरिया में अंकारा समर्थित सशस्त्र गुटों की उपस्थिति की बात कही है। उनका कहना है कि हलब के आसपास के क्षेत्रों में तुर्की समर्थित इन गुटों के साथ सेना के मुक़ाबले का अर्थ, तुर्की के साथ अपरोक्ष युद्ध है।
समीर सुलैमान ने आतंकवाद से संघर्ष के मार्ग में तुर्की के गुप्त दावों की ओर संकेत करते हुए कहा कि यह देश आतंकवादियों को हथियार, लड़ाके और अपने सैन्य सलाहकार दे रहा है। उन्होंने कहा कि हलब की झड़पों में अबतक तुर्की के कई विशेषज्ञ मारे जा चुके हैं।
इसी मध्य सीरिया की कुर्द डेमोक्रेटिक पार्टी ने सेना की सहमति से उत्तरी सीरिया के अलबाब शहर में तुर्क सेना से संयुक्त मुक़ाबले की सूचना दी है।
दूसरी ओर सीरिया के उप विदेशमंत्री फ़ैसल मेक़दाद ने तुर्की पर क्षेत्र में तनाव फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि तुर्की को सीरिया से अपने सैनिकों को तुरंत निकाल लेना चाहिए। (AK)