सद्दाम की "लेडी एन्थ्रेक्स" को 15 साल क़ैद की सज़ा
इराक़ की एक अदालत ने सद्दाम शासन काल की एक प्रभावशाली महिला को उसकी अनुपस्थिति में 15 साल क़ैद की सज़ा सुनाई है।
इराक़ में भ्रष्टाचार से मुक़ाबले की सरकारी संस्था ने अपने बयान में कहा है कि हुदा सालेह महदी अम्माश को उसकी अनुपस्थिति में भ्रष्टाचार के आरोप में 15 साल कारावास की सज़ा सुनाई गई है। हुदा अम्माश प्रतिबंधित बास पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की सदस्य और उप शिक्षा मंत्री थी। उसका नाम अमरीका को वांछित सद्दाम शासन के 55 लोगों की सूचि में शामिल था। वर्ष 2003 में इराक़ पर अमरीका के हमले के बाद हुदा अम्माश को गिरफ़्तार कर लिया गया था लेकिन वर्ष 2005 में सात अन्य लोगों के साथ उसे युद्ध अपराधों में लिप्त होने के आरोप में साक्ष्यों के अभाव के कारण रिहा कर दिया था और वह जाॅर्डन चली गई थी और अब भी वहीं रह रही है।
हुदा अम्माश ने अमरीका के टेक्सास राज्य के एक विश्व विद्यालय से जीव शास्त्र में मास्टर्ज़ की डिग्री प्राप्त थी और फिर उसे कोलम्बिया में डाॅक्ट्रेट की डिग्री प्रदान की गई। बाद में सद्दामने उसे इराक़ के परमाणु कार्यक्रम को बहाल करने वाले वैज्ञानिकों में शामिल कर दिया था। जीव विज्ञान में दक्षता के कारण हुदा अम्माश को "लेडी एन्थ्रेक्स" कहा जाता था। इराक़ में भ्रष्टाचार से मुक़ाबले की सरकारी संस्था ने अपने बयान में कहा है कि अदालत ने हुदा अम्माश की सभी चल-अचल संपत्ति को ज़ब्त करने का आदेश दिया है और उसे जाॅर्डन से इराक़ वापस लाने के लिए भी सरकारी स्तर पर ज़रूरी कार्यवाही करने को कहा है। (HN)