यमनी फ़ोर्सेज़ की जवाबी कार्यवाही में 4 सऊदी सैनिक मरे
-
9 अप्रैल 2015 की इस तस्वीर में सऊदी सीमा सुरक्षा बल के सदस्य सऊदी अरब की दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर तैनात नज़र आ रहे हैं
यमन पर सऊदी अरब के जारी हवाई हमलों के बीच यमनी सैनिकों और स्वयंसेवी बल की जवाबी कार्यवाही में जिज़ान और असीर क्षेत्रों में 4 सऊदी सैनिक मारे गए।
जीज़ान और असीर सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्र हैं।
अरबी भाषी न्यूज़ चैनल अलमसीरा के अनुसार, यमनी फ़ोर्सेज़ ने शनिवार की शाम रियाज़ से 969 किलोमीटर दक्षिण में स्थित जीज़ान क्षेत्र में अल-ज़ब्रा सैन्य छावनी पर कार्यवाही की जिसमें 3 सऊदी सैनिक मारे गए।
यमनी सैनिकों और स्वयंसेवी बल ने इसी प्रकार असीर क्षेत्र के रबुअह क़स्बे में एक छावनी पर जवाबी कार्यवाही की, जिसमें 1 सऊदी सैनिक मारा गया।
इससे पहले यमनी फ़ोर्सेज़ ने जीज़ान क्षेत्र के अलमुसतहदिस कैंप पर तोपख़ानों से कई राउंड गोलाबारी की किन्तु इस कार्यवाही में किसी जानी नुक़सान की तुरंत कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
शनिवार को ही यमनी फ़ोर्सेज़ ने ज़ीज़ान में स्थित अलकर्स सैन्य चौकी पर कई रॉकेट मारे, जिसमें तुरंत किसी जानी नुक़सान की कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
यमनी सैनिकों ने देश के मध्य-पश्चिम प्रांत सनआ के निह्म इलाक़े में उस स्थान पर फ़ायरिंग की जहां पूर्व राष्ट्रपति अब्द रब्बोह मंसूर हादी के भाड़े के लड़ाके इकट्ठा थे। ज्ञात रहे इन लड़ाकों को सऊदी अरब की ओर से मदद मिलती है। (MAQ/N)