सीरिया में आतंकवादियों के लिए हथियारों की नई खेप
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i30484-सीरिया_में_आतंकवादियों_के_लिए_हथियारों_की_नई_खेप
अमरीका और ब्रिटेन सीरिया के हलब शहर के उन इलाक़ों में हथियार पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, जो आतंकवादी गुटों के क़ब्ज़े में हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०५, २०१६ १३:५८ Asia/Kolkata
  • सीरिया में आतंकवादियों के लिए हथियारों की नई खेप

अमरीका और ब्रिटेन सीरिया के हलब शहर के उन इलाक़ों में हथियार पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, जो आतंकवादी गुटों के क़ब्ज़े में हैं।

ब्रिटिश अख़बार गार्डियन ने इस संदर्भ में लिखा है कि सीरिया में जारी लड़ाई में हार का सामना कर रहे आतंकवादी गुटों को हथियारों की नई खेप पहुंचाने के लिए अमरीकी और ब्रिटिश अधिकारी विभिन्न उपायों पर विचार कर रहे हैं। हालांकि ताज़ा स्थिति में वाशिंगटन और लंदन को इस बात की भी चिंता है कि कहीं इस क़दम से मास्को और दमिश्क़ की सीधे रूप से नाराज़गी मोल न लेनी पड़े।

गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक़, सीरिया में रूस द्वारा जटिल एवं आधुनिक डिफ़ैंस शील्ड सिस्टम की स्थापना और आतंकवादी गुटों के ख़िलाफ़ कार्यवाही भी अमरीका और ब्रिटेन की योजना में रुकावट है।

इस योजना में आने वाली रुकावटों के मद्देनज़र अमरीका की तरह ब्रिटेन ने भी रूस पर हलब में मानवीय सहायता पहुंचाने में रुकावटें डालने का आरोप लगाया है। वास्तव में इस प्रकार के आरोप लगाकर ब्रिटेन, पश्चिम द्वारा आतंकवादी गुटों के समर्थन के विषय से विश्व समुदाय का ध्यान हटाना चाहता है।

सीरिया में आतंकवादी गुटों की निरंतर पराजय ने उनके समर्थकों को परेशान कर दिया है। आतंकवाद समर्थक पश्चिमी और अरब देश आतंकवादियों को बचाने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं।

हाल ही में रूस के टीवी चैनल-2 ने सीरिया में दाइश समेत आतंकवादी गुटों को उनके समर्थक देशों की ओर से हथियारों की नई खेप की आपूर्ति से पर्दा उठाया है।

सीरियाई सैनिकों ने हलब के निकट तकफ़ीरी आतंकवादी गुट नुस्रा फ्रंट के हथियारों के एक गोदाम को ज़ब्त किया है, जिसमें अमरीका निर्मित आधुनिक हथियार रखे हुए थे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्र संघ सुरक्षा परिषद ने 2170 प्रस्ताव पारित करके सीरिया में हिंसा में लिप्त अलक़ायदा और दाइश समेत समस्त चरमपंथी गुटों के निरस्त्रीकरण पर बल दिया था। इस प्रस्ताव के आधार पर उन लोगों पर प्रतिबंधों का प्रावधान है, जो हथियारों समेत आतंकवादी गुटों की किसी भी प्रकार की मदद करते हैं।