बश्शार असद से माफ़ी मांगेगा ट्यूनीशिया का राजनैतिक प्रतिनिधि मंडल
ट्यूनीशिया के राजनैतिक दलों पर आधारित एक प्रतिनिधि मंडल सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से माफ़ी मांगने के उद्देश्य से दमिश्क़ की यात्रा करने वाला है।
ट्यूनीशिया के जानकार सूत्रों के हवाले से फ़ार्स न्यूज एजेन्सी ने रिपोर्ट दी है कि ट्यूनीशिया के मशरूअ मूवमेंट के महासचिव मोहसिन मरज़ूक़ देश की कुछ मशहूर हस्तियों के साथ सीरिया युद्ध के बारे में राजनैतिक मदभेद के कारण ट्यूनीशियाई राष्ट्र के प्रतिनिधित्व में सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से माफ़ी मांगने के लिए शीघ्र ही दमिश्क़ का दौरा करने वाले हैं।
इस रिपोर्ट के आधार पर मरज़ूक़ के सीरिया दौरे का लक्ष्य, आम जनमत में ट्यूनीशिया के बारे में पाये जाने वाली नकारात्मक छवि को सही करना है।
वर्ष 2011 में सीरिया विरोधी युद्ध के आरंभ से ट्यूनीशिया उन देशों में शामिल था जहां से आतंकी और सशस्त्र लोग सीरिया जाकर इस देश की सेना से लड़ते थे।
अधिकारियों के अनुसार ट्यूनीशिया के लगभग तीन हज़ार नागरिक सीरिया में आतंकियों विशेषकर दाइश के साथ मिलकर सीरिया की सेना के विरुद्ध लड़ रहे हैं।
फ़रवरी 2012 में ट्यूनीशिया ने सीरिया के साथ अपने कूटनयिक संबंध तोड़ लिए थे और ट्यूनीशिया में मौजूद सीरिया के राजदूत को निकाल दिया था।
ट्यूनीशिया के तत्कालीन राष्ट्रपति मुन्सिफ़ मरज़ूक़ ने कहा था कि सीरिया संकट का एकमात्र समाधान, सत्ता से बश्शार असद का हटना है किन्तु ट्यूनीशिया में निदा पार्टी के सत्ता में आने के बाद इस देश के विदेशमंत्री तय्यब अलबकूश ने बल दिया था कि उनके देश ने सीरिया के साथ कूटनयिक संबंधों को पुनः आरंभ करने का फ़ैसला किया है।
2016 में भी ट्यूनीशिया के विदेशमंत्रालय के कुछ सूत्रों ने घोषणा की थी कि सीरिया के साथ कूटनयिक संबंध स्थापित हो गये हैं और इब्राहीम फ़व्वारी को दमिश्क़ में वाणिज्य दूतावास नियुक्त किया गया है। (AK)