अर्दोग़ानः आतंकियों की मदद कर रहा है अमरीका
तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने अमरीका पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि अमरीका के नेतृत्व में बनने वाला दाइश विरोधी गठबंधन सीरिया में आतंकी संगठनों की मदद कर रहा है।
रजब तैयब अर्दोग़ान ने मंगलवार को अंकारा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके पास ठोस साक्ष्य मौजूद हैं जिनसे साबित होता है कि अमरीका ने आतंकवाद के विरुद्ध जो अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन बनाया है वह सीरिया में दाइश तथा एक अन्य कुर्द आतंकी संगठन की मदद कर रहा है। तुर्क राष्ट्रपति ने कहा कि अमरीका ने आतंकियों से लड़ने के अपने वादे पर अमल नहीं किया है।
अमरीका ने सितम्बर 2014 में साठ देशों का गठबंधन बनाया था जिसका लक्ष्य इराक़ और सीरिया में आतंकी संगठनों के ठिकानों पर हवाई हमले करना था लेकिन सच्चाई यह है कि अमरीका ने इस मामले में केवल प्रोपैगंडा किया है ज़मीनी स्तर पर अमरीका के दावे बिल्कुल खोखले दिखाई पड़ते हैं।
उधर अमरीका ने तुर्क राष्ट्रपति के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे घटिया बयान घोषित किया है। अमरीका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा कि यह घटिया बयान है।
तुर्क राष्ट्रपति ने क़ज़ाक़िस्तान की राजधानी आसताना में सीरिया संकट के बारे में होने जा रही बैठक के बारे में कहा कि इसमें सऊदी अरब और क़तर को भी भाग लेना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि छह साल से सऊदी अरब और क़तर तुर्की के साथ मिलकर सीरिया में सक्रिय आतंकी संगठनों की मदद कर रहे हैं।