कुछ देश दाइश को पैसे दे रहे हैंः इराक़ी विदेशमंत्री
इराक़ के विदेशमंत्री ने कहा है कि उनका देश सीरिया संकट के समाधान के लिए मध्यस्थता करने को तैयार है।
इराक़ के विदेशमंत्री इब्राहीम अलजाफ़री ने रूस की स्पूतनिक समाचार एजेन्सी से बात करते हुए कहा कि इराक़ और सीरिया दोनों ही आतंकवाद की समस्या से जूझ रहे हैं और पड़ोसी होने के नाते उनकी स्थिरता एक दूसरे को प्रभावित करती है।
इब्राहीम जाफ़री ने कहा कि अरब संघ में इराक़ का विशेष स्थान है और उसे आशा है कि सीरिया संकट का समाधान, ईरान, रूस और तुर्की पर अधारित त्रिपक्षीय गुट से जुड़ जाएगा।
सीरिया संकट के समाधान के लिए ईरान, रूस और तुर्की की त्रिपक्षीय बैठक हाल ही में मास्को में आयोजित हुई थी। श्री इब्राहीम जाफ़री ने इराक़ की स्थिति और दाइश से युद्ध के बारे में कहा कि कुछ देशों ने दाइश के समर्थन के लिए बड़ा बजट विशेष कर रखा है और उन्होंने इस गुट को बहुत सी संभावनाएं दे रखी हैं।
इराक़ के विदेशमंत्री ने कहा कि नैनवा प्रांत के मूसिल सिटी का एक बड़ा भाग सेना के नियंत्रण में आ गया है और 56 मोहल्लों में से चालीस मोहल्लों को दाइश के चंगुल से स्वतंत्र करा लिया गया है।
इराक़ के विदेशमंत्री ने उत्तरी इराक़ में तुर्क सैनिकों की उपस्थिति के बारे में कहा कि बग़दाद देश से तुर्क सैनिकों के त्वरित निष्कासन की मांग करता है और वह इस मामले को क़ानूनी मार्गों से हल करने का संकल्प कर चुका है। (AK)