2017 स्वतंत्र फ़िलिस्तीनी स्टेट का साल होगा, महमूद अब्बास
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i32959-2017_स्वतंत्र_फ़िलिस्तीनी_स्टेट_का_साल_होगा_महमूद_अब्बास
स्वशासित फ़िलिस्तीनी प्रशासन के अध्यक्ष महमूद अब्बास ने इस्राईल की अवैध बस्तियों के निर्माण की कार्यवाही के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 23 दिसंबर को पारित हुए ऐतिहासिक प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि एक स्वाधीन फ़िलिस्तीनी स्टेट नए साल 2017 में वजूद में आएगा।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Jan ०१, २०१७ १३:४३ Asia/Kolkata
  • 31 दिसंबर 2016 को रामल्ला में फ़त्ह आंदोलन की स्थापना की 52वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में महमूद अब्बास भाषण देते हुए
    31 दिसंबर 2016 को रामल्ला में फ़त्ह आंदोलन की स्थापना की 52वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में महमूद अब्बास भाषण देते हुए

स्वशासित फ़िलिस्तीनी प्रशासन के अध्यक्ष महमूद अब्बास ने इस्राईल की अवैध बस्तियों के निर्माण की कार्यवाही के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 23 दिसंबर को पारित हुए ऐतिहासिक प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि एक स्वाधीन फ़िलिस्तीनी स्टेट नए साल 2017 में वजूद में आएगा।

उन्होंने शनिवार को अतिग्रहित पश्चिमी तट के रामल्लाह शहर में फ़त्ह आंदोलन की स्थापना की 52वीं सालगिरह पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए यह बयान दिया।

फ़िलिस्तीनी नेता ने कहा कि इस्राइली की नई कॉलोनियां अवैध हैं और हालिया दिनों में इस संदर्भ में हमारे हक़ में अभूतपूर्व फ़ैसला हुआ है। उनका इशारा 23 दिसंबर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पारित हुए प्रस्ताव नंबर 2334 की ओर था, जिसमें इस्राईल की कॉलोनियों के निर्माण की कार्यवाही की “अंतर्राष्ट्रीय क़ानून के खुले उल्लंघन” के तौर पर निंदा की गयी।

महमूद अब्बास ने इसी प्रकार तेल अबिब शासन की आलोचना की कि वह अतिग्रहित क्षेत्रों में कॉलोनियों का निर्माण जारी रखते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को गुमराह और तथ्यों को बदलने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस्राईल कॉलोनियों से जुड़ी सभी अवैध गतिविधियां रोके और अतिग्रहित ज़मीनों पर डेमोग्रैफ़िक बदलाव लाने से दूर रहे।

महमूद अब्बास ने आगे कहा कि 2017 “स्वाधीन फ़िलिस्तीनी स्टेट का साल” होगा।

ग़ौरतलब है कि फ़िलिस्तीनी पश्चिमी तट, पूर्वी अलक़ुद्स और ग़ज़्ज़ा पट्टी पर आधारित एक स्वाधीन फ़िलिस्तीनी स्टेट की कोशिश कर रहे हैं जिसकी राजधानी पूर्वी अलक़ुद्स हो।

31 दिसंबर 2016 को रामल्ला में फ़त्ह आंदोलन की स्थापना की 52वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह के अवसर पर महमूद अब्बास मशाल जलाते हुए

 

1967 में फ़िलिस्तीन के अतिग्रहित हुए क्षेत्रों में इस्राईल अब तक 230 अवैध कॉलोनियों का निर्माण करा चुका है। इस अनाधिकृत ढांचे के कारण पश्चिम एशिया में शांति स्थापना की कोशिशों को झटका लगा है।

नवंबर 2012 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस्राईल की ओर से कड़े विरोध के बावजूद फ़िलिस्तीन ‘ग़ैर-सदस्य निरीक्षक अस्तित्व’ के दर्जे से बढ़कर ‘ग़ैर-सदस्य निरीक्षण स्टेट’ हो गया है।

सितंबर 2015 में पहले बार संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर फ़िलिस्तीनी झंडा फहराया गया। (MAQ/N)