इराक़ के नजफ़ प्रांत में कई आतंकी हमले
इराक़ के नजफ़ प्रांत में कई आतंकी हमले हुए हैं।
इराक़ी संचार माध्यमों की रिपोर्ट के अनुसार रविवार की सुबह नजफ़ प्रांत के क़ादेसिया क्षेत्र में कार बम का एक धमाका हुआ। यह धमाका एक चेक पोस्ट के निकट हुआ जिसमें कम से कम 6 व्यक्ति हताहत और 22 अन्य घायल हो गए। एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि मारे जाने वालों में आम नागरिक भी शामिल हैं। सूत्र ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने घटनास्थल को घेर लिया है और धमाके में घायल होने वालों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। रिपोर्टों के अनुसार इस कार बम धमाके में कई पुलिसकर्मी भी हताहत व घायल हुए हैं। आतंकी गुट दाइश ने इस धमाके की ज़िम्मेदारी ले ली है।
दूसरी ओर नजफ़ के गवर्नर ने कहा है कि इन आतंकी हमलो का उद्देश्य नजफ़ के पवित्र स्थलों को नुक़्सान पहुंचाना था।
इस बीच नजफ़ प्रांत के मिख़शाब क्षेत्र में भी एक चेक पोस्ट पर बंदूक़धारियों ने हमला किया। इसी तरह कुछ सूत्रों ने बताया है कि नजफ़ प्रांत में कई मार्टर गोले फ़ायर किए गए हैं। ये हमले एेसी स्थिति में हुए हैं कि जब शनिवार को बग़दाद के अलसिनेक व्यवसायिक क्षेत्र में भी आतंकी विस्फोट हुए थे जिनमें 27 व्यक्ति हताहत और 50 से अधिक घायल हो गए थे। (HN)