रियाज़ में दाइश के 2 संदिग्ध आतंकी मारे गए
-
यह संयुक्त तस्वीर सऊदी सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने जारी की है जिसका दावा है कि ये 7 जनवरी 2017 को रियाज़ में मारे गए दाइश के 2 संदिग्ध आतंकियों की है
सऊदी अरब की राजधानी रियाज़ में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के 2 संदिग्ध आतंकी मारे गए, ऐसा सऊदी गृह मंत्रालय का कहना है।
शनिवार को सऊदी गृह मंत्रालय के अनुसार, पुलिस ने इन संदिग्धों को उस समय गोली मारी जब इन संदिग्धों ने रियाज़ के उत्तरी इलाक़े यासमीन में पुलिस के घेरे में आने के बाद पुलिस पर गोली चलायी जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हुआ।
सऊदी गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मंसूर अत-तुर्की ने कहा, “सुरक्षा बल ने ईश्वर की कृपा से ताय बिन सनबीन यसरिम अस-सय्यरी और तलाल बिन समरान अस-साएदी को उस समय गोली मारी जब उन्होंने ख़ुद को पुलिस के हवाले करने से इंकार किया।”
इस मंत्रालय के बयान में यह भी आया है कि ये संदिग्ध विस्फोटक बेल्ट, राइफ़ल और गोला-बारूद से लैस थे। जब आतंकियों के घर की तलाशी ली गयी तो वहां से बम बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पदार्थ बरामद हुए।
पिछले साल सऊदी अरब ने कहा था कि उसने दाइश की एक फ़ुटबाल स्टेडियम पर बम हमला करने की एक साज़िश को नाकाम बनाया था।
30 अक्तूबर 2016 को सऊदी गृह मंत्रालय ने एलान किया कि 4 लोगों को जद्दा शहर में शासक अब्दुल्लाह स्पोर्ट्स सिटी स्टेडयिम में सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात के बीच 11 अक्तूबर के विश्व फ़ुटबाल क्वालिफ़ाइंग मैच में बम धमाका करने की साज़िश के आरोप में गिरफ़्तार किया गया। इन संदिग्धों को मैच शुरु होने से एक दिन पहले गिरफ़्तार किया गया था जिसमें 60000 से ज़्यादा दर्शक शामिल हुए थे। (MAQ/N)