सुरक्षा परिषद के नए प्रस्ताव से ज़ायोनी शासन भयभीत
संयुक्त राष्ट्र संघ में ज़ायोनी शासन के प्रतिनिधि ने कहा है कि तेल अवीव, फ़िलिस्तीन के समर्थन में सुरक्षा परिषद के नए प्रस्ताव की ओर से चिंतित है।
ज़ायोनी शासन, जो संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद में काॅलोनियों के निर्माण की निंदा वाले प्रस्ताव से क्रोधित है, इस बार इस बात को लेकर भयभीत है कि रविवार को पेरिस की अंतर्राष्ट्रीय शांति काॅन्फ़्रेंस के दौरान उसके ख़िलाफ़ नया प्रस्ताव पारित हो सकता है। संयुक्त राष्ट्र संघ में ज़ायोनी शासन के प्रतिनिधि डेनी डैनन ने कहा है कि फ़िलिस्तीन के समर्थक, इस्राईल के विरुद्ध एक नया प्रस्ताव पारित कराने की कोशिश में हैं।
अनुमान है कि संसार के 70 से अधिक देश और अंतर्राष्ट्रीय संगठन पेरिस की अंतर्राष्ट्रीय शांति काॅन्फ़्रेंस में भाग लेंगे। यह काॅन्फ़्रेंस रविवार 15 जनवरी को फ़्रांस की राजधानी में आयोजित होगी। इसका उद्देश्य इस्राईल व फ़िलिस्तीन के विवाद को समाप्त करना और दो स्वाधीन सरकारों का गठन करना है।
उधर मंगलवार को ज़ायोनी शासन और फ़िलिस्तीन के विवाद की समीक्षा के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद की भी बैठक आयोजित होने वाली है और ज़ायोनी शासन इस बैठक में इस्राईल के विरुद्ध एक नया प्रस्ताव पारित होने को लेकर अत्यधिक चिंता में है। (HN)