इराक़ में 3 बम धमाके 21 हताहत 46 घायल
-
8 जनवरी 2017 की इस तस्वीर में पूर्वी बग़दाद में एक अनाज के बाज़ार में कार बम के हमले में हुयी तबाही का मंज़र
इराक़ में 3 आतंकवादी बम धमाकों में कम से कम 21 व्यक्ति हताहत और 46 अन्य घायल हुए।
शनिवार की शाम इराक़ के दियाला प्रांत के केन्द्र बाक़ूबा के उत्तरपूर्व में स्थित ख़ालिस क़स्बे में एक चेकप्वाइंट के निकट एक कार बम का धमाका हुआ जिसमें 9 व्यक्ति हताहत और 20 अन्य घायल हुए। घायलों में सुरक्षा बल के कुछ जवान भी हैं।
दूसरा धमाका भी कार बम का था। यह धमाका भी शनिवार को केन्द्रीय बग़दाद के सादून इलाक़े में एक खाने के होटल के पास हुआ जिसमें कम से कम 6 व्यक्ति हताहत और 13 अन्य घायल हुए।
बग़दाद के पश्चिमी उपनगरीय भाग ग़ज़ालिया में भी एक धमाका हुआ जिसमें 6 व्यक्ति हताहत और 13 अन्य घायल हुए।
रिपोर्ट मिलने तक किसी गुट ने इन धमाकों की ज़िम्मेदारी नहीं ली थी लेकिन इस तरह के धमाके आम तौर पर तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश अंजाम देते हैं जो पिछले कई साल से इराक़ में मौत का बाज़ार गर्म किए हुए हैं।
इराक़ के उत्तरी शहर मूसिल में इराक़ी फ़ोर्सेज़ के हाथों मिल रही पराजय का बदला लेने के लिए दाइश ने हाल में इराक़ में आतंकवादी हमले बढ़ा दिए हैं।
इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बल ने 17 अक्बूतर 2017 को मूसिल को दाइश के चंगुल से आज़ाद कराने का अभियान शुरु किया है। जबसे अब तक इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। शनिवार को इराक़ी फ़ोर्सेज़ ने मूसिल यूनिवर्सिटी को दाइश के चंगुल से आज़ाद कराने के बाद वहां इमारतों पर इराक़ी झंडा फहराया। (MAQ/N)