आस्ताना में सीरिया के बारे में अंतर्राष्ट्रीय बैठक शुरु हुयी
-
23 जनवरी 2017 को आस्ताना में सीरिया के बारे में आयोजित बैठक की तस्वीर
क़ज़्ज़ाक़िस्तान की राजधानी आस्ताना में सीरियाई सरकार और सशस्त्र विरोधी गुटों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत शुरु हो गयी है।
इस बैठक में ईरान, रूस और तुर्की सहित 7 प्रतिनिधिमंडल मौजूद हैं।
क़ज़्ज़ाक़ राष्ट्रपति नूर सुल्तान नज़रबाएफ़ ने सीरिया अंतर्राष्ट्रीय वार्ता के उद्घाटन भाषण में उम्मीद जतायी कि आस्ताना बैठक सीरिया संकट के राजनैतिक हल और शांति प्रक्रिया के लिए आरंभिक बिन्दु बनेगी। इसी प्रकार उन्होंने इस बैठक में भाग लेने वाले प्रतिनिधिमंडलों की कोशिशों को मूल्यवान बताया।
आस्ताना बैठक बंद दरवाज़े के पीछे हो रही है, लेकिन बातचीत का वह हिस्सा पत्रकारों के लिए वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए प्रसारित होगा जो वर्गीकृत नहीं है।
बातचीत शुरु होने से पहले ईरान, रूस और तुर्की के प्रतिनिधिमंडलों ने सीरिया में व्यापक संघर्ष विराम को मज़बूत करने के उपाय और दस्तावेज़ को अंतिम रूप देने के बारे में विचार विमर्श किया।
इस बीच आस्ताना बैठक के अवसर पर इस बैठक में सीरियाई सरकार के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख बश्शार जाफ़री ने ईरान के विदेश सचिव जाबिर अंसारी से सोमवार को मुलाक़ात की और इस बैठक की ताज़ा स्थिति के बारे में विचार विमर्श किया। (MAQ/N)