आस्ताना में तुर्की से वार्ता नहीं होगीः सीरिया
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i35021-आस्ताना_में_तुर्की_से_वार्ता_नहीं_होगीः_सीरिया
आस्ताना वार्ता में सीरिया सरकार के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख बश्शार जाफ़री ने कहा है कि तुर्की ने सीरिया की राष्ट्रीय अखंडता का हनन किया है और वह आतंकी गुटों का समर्थन कर रहा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan २३, २०१७ १६:४८ Asia/Kolkata
  • आस्ताना में तुर्की से वार्ता नहीं होगीः सीरिया

आस्ताना वार्ता में सीरिया सरकार के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख बश्शार जाफ़री ने कहा है कि तुर्की ने सीरिया की राष्ट्रीय अखंडता का हनन किया है और वह आतंकी गुटों का समर्थन कर रहा है।

हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के स्थाई राजदूत और आस्ताना वार्ता में सीरिया सरकार के प्रतिनिधि मंडल के प्रमुख बश्शार जाफ़री ने कहा कि तुर्की ही वह देश है जिसने सीरिया में शांतिपूर्ण समाधान के मार्ग में रोड़े अटकाए हैं और इसके परिणाम स्वरूप आस्ताना में तुर्की और सीरिया के प्रतिनिधि मंडलों के मध्य कोई वार्ता नहीं होगी।

बश्शार जाफ़री ने कहा कि वार्ता का मुख्य केन्द्र, झड़पों को समाप्त करना और दाइश व नुस्रा फ़्रंट और उनसे जुड़े अन्य आतंकी गुटों को उन गुटों से अलग करना है जिन्होंने सीरिया में झड़पों की समाप्ति के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

उनका कहना था कि आस्ताना बैठक में सीरिया के सशस्त्र विरोधियों को आतंकवाद से संघर्ष में अपनी गंभीरता का प्रदर्शन करना चाहिए। इस बैठक में आतंकवाद से संघर्ष के लिए सीरिया सरकार और विरोधियों के दृष्टिकोणों को निकट लाने का प्रयास किया जाएगा।

बश्शार जाफ़री ने अमरीका की नई सरकार की नीतियों के बारे में कहा कि आशा है कि अमरीका के नये राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप सीरिया संकट के राजनैतिक समाधान के लिए सकारात्मक कार्यवाही करेंगे। (AK)