आस्ताना शांति वार्ता संपन्न, घोषणापत्र जारी
क़ज़ाक़िस्तान की राजधानी आस्ताना में सीरिया शांति वार्ता में भाग लेने वाले पक्षों ने अपने घोषणा पत्र में सीरिया की अखंडता का समर्थन करते हुए आतकंवाद से संघर्ष पर बल दिया है।
आस्ताना शांति वार्ता के घोषणापत्र को मंगलवार को क़ज़ाक़िस्तान के विदेशमंत्री ग़ैरत अब्दुर्रहमान ओफ़ ने पढ़ाा। इस घोषणा पत्र में कहा गया है कि यह वार्ता, सीरिया की सरकार और विरोधियों के मध्य प्रत्यक्ष वार्ता आरंभ करने की भूमिका है और आस्ताना बैठक, जेनेवा वार्ता की सफलता में भागीदार होगी।
आस्ताना शांति वार्ता के घोषणा पत्र में आया है कि समस्त पक्ष दाइश और नुस्रा फ़्रंट या फ़त्हुश्शाम जैसे आतंकी गुटों से संघर्ष पर प्रतिबद्ध हुए हैं। घोषणापत्र में कहा गया है कि सीरिया की अगली शांति वार्ता अंतर्राष्ट्रीय प्रस्तावों के आधार पर यथाशीघ्र आयोजित होनी चाहिए और इसी प्रकार जेनेवा वार्ता में सशस्त्र गुटों की भागीदारी पर भी बल दिया गया है।
इस बयान में संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रस्तावों के आधार पर सीरिया की अखंडता की रक्षा पर बल दिया गया है और सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 2336 के आधार पर सीरिया सरकार और विरोधियों के मध्य राजनैतिक वार्ता जारी रहने पर भी बल दिया गया है। इस घोषणापत्र में सीरिया संकट के हर प्रकार के सैन्य समाधान को रद्द किया गया है।