सीरिया, पूर्वी क्षेत्रों में सेना की प्रगति जारी, दसियों आतंकी ढेर
सीरिया की सशस्त्र सेना ने हुम्स प्रांत में आतंकी गुट दाइश के ठिकानों पर भीषण हमला किया।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, सीरिया की सशस्त्र सेना ने बुधवार को अपनी कार्यवाही के दौरान पूर्वी हुम्स के उपनगरीय क्षेत्र राबेआ और अन्य क्षेत्रों में दाइश के आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया जिमसें दसियों आतंकी मारे गये।
सीरिया के एक सैन्य सूत्र ने बताया है कि सीरिया की सशस्त्र सेना ने हुम्स प्रांत के तदमुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में आतंकी गुट दाइश के एकत्रित होने के स्थान पर भीषण हमला किया जिसमें दसियों आतंकियों के मारे जाने की सूचना है।
सीरिया की सेना ने इसी प्रकार तदमुर-ख़ान अलमनक़ूरा तिराहे पर दाइश की दो गाड़ियों को ध्वस्त कर दिया। सेना की इस कार्यवाही में दस आतंकी मारे गये।
सीरिया से एक अन्य समाचार यह है कि सेना और स्वयं सेवी बलों ने पूर्वी अलक़लमून पहाड़ी के अलक़ब्श रोड पर आतंकियों की ओर से लगाई गयी 14 बारूदी सुरंगों को बरामद करके निष्क्रिय कर दिया।
सीरिया की सेना और उसके घटक बलों ने इसी प्रकार पूर्वी दमिश्क़ के ग़ोता, हरस्ता और अरबीन में सशस्त्र गुटों की ओर से संघर्ष विराम का कड़ा उत्तर दिया है। (AK)