बग़दाद को दहलाने की साज़िश नाकाम, कई आतंकी ढेर
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i35513-बग़दाद_को_दहलाने_की_साज़िश_नाकाम_कई_आतंकी_ढेर
इराक़ी सेना ने दो अलग अलग कार्यवाही करते हुए दाइश के उन पांच आतंकियों को ढेर कर दिया जो आत्मघाती हमले करके राजधानी को दहलाने के प्रयास में थे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan ३०, २०१७ १७:२१ Asia/Kolkata
  • बग़दाद को दहलाने की साज़िश नाकाम, कई आतंकी ढेर

इराक़ी सेना ने दो अलग अलग कार्यवाही करते हुए दाइश के उन पांच आतंकियों को ढेर कर दिया जो आत्मघाती हमले करके राजधानी को दहलाने के प्रयास में थे।

इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार,  इराक़ी सेना ने सोमवार को घोषणा की कि उत्तर बग़दाद के शैख़ हमद नामक क्षेत्र में दाइश के तीन आतंकियों को उस समय गोली मार दी गयी जब वह अपनी कमर में बंधे विस्फोटक पदार्थ को धमाके से उड़ाने का प्रयास कर रहे थे।

इसी प्रकार सेना की एक पैदल टुकड़ी ने सोमवार को इसी क्षेत्र में एक कार्यवाही करते हुए दो आत्मघाती हमलावरों को ढेर कर दिया।

इसी मध्य स्वयं सेवी बलों ने पश्चिमी मूसिल के तलअफ़र शहर में दाइश के आतंकियों के एकत्रित होने के स्थान को मीज़ाइल से पूरी तरह तबाह कर  दिया। इराक़ी सेना ने पूर्वी मूसिल सिटी को अभी हाल ही में आतंकियों के नियंत्रण से स्वतंत्र कराया है।

इराक़ से एक अन्य समाचार यह है कि इराक़ के राजनैतिक गुटों की परिषद ने संसद सभापति सलीम जबूरी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित करके घोषणा की है कि दाइश के आतंकियों से देश के समस्त क्षेत्र की स्वतंत्रता के बाद ही देश में चुनाव आयोजित होंगे।

इराक़ में नगर पालिका के चुनाव 30 अप्रैल 2017 को आयोजित होने हैं। (AK)