यमनी सेना ने मार गिराया सऊदी युद्धक विमान!
यमन की सेना की वायु रक्षा इकाई ने मंगलवार की रात सऊदी अरब का एक युद्धक विमान मार गिराया है।
यह विमान मध्यवर्ती प्रांत मारिब में गिराया गया है। अभी इस घटना का अधिक ब्योरा नहीं मिल सका है लेकिन स्थानीय सूत्रों का कहना है कि युद्धक विमान गिराए जाने के बाद आसमान में सऊदी युद्धक विमानों की उड़ानें बढ़ गई हैं और ये विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहे थे।
विमान मार गिराए जाने के बारे में अभी सऊदी अरब की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
उल्लेखनीय है कि यमन पर जब से सऊदी अरब की बमबारी शुरू हुई है यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों ने अपनी रक्षा क्षमता में लगातार वृद्धि की है और ज़मीन से ज़मीन पर मार करने वाले मिज़ाइल डेवलप किए हैं जबकि ज़मीन से समुद्र में मार करने वाले मिज़ाइल भी यमन की मिज़ाइल युनिट ने बना लिए हैं।
लगभग दो साल से जारी बमबारी को रोकने के लिए यमन की सेना को ज़मीन से हवा में मार करने वाले मिज़ाइलों की भारी आवश्यकता थी।