फ़िलिस्तीन की आज़ादी का सपना पूरा करेगा ईरान,
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i36978-फ़िलिस्तीन_की_आज़ादी_का_सपना_पूरा_करेगा_ईरान
लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन ने कहा है कि ईरान फ़िलिस्तीन की आज़ादी का सपना पूरा करेगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb २२, २०१७ ०६:२३ Asia/Kolkata
  • फ़िलिस्तीन की आज़ादी का सपना पूरा करेगा ईरान,

लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन ने कहा है कि ईरान फ़िलिस्तीन की आज़ादी का सपना पूरा करेगा।

हिज़्बुल्लाह के उप प्रमुख शैख़ नईम क़ासिम ने तेहरान में छठीं अंतर्राष्ट्रीय फ़िलिस्तीन कान्फ़्रेन्स को संबोधित करते हुए कहा कि फ़िलिस्तीन संकट को पहली प्राथमिकता माना जाना चाहिए तथा क्षेत्रीय संबंधों की स्थापना फ़िलिस्तीन के मुद्दे पर उनके प्रभावों के अनुरूप की जानी चाहिए।

शैख़ नईम क़ासिम ने कहा कि आज फ़िलिस्तीन को आर्थिक और सामरिक सहायता की ज़रूरत है खोखली बातों और वादों की नहीं जो कभी पूरे नहीं होते।

सम्मेलन में सीरिया की संसद सभापति हदिया अब्बास ने अपने भाषण में कहा कि सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद की कामना यह है कि इस सम्मेलन का आयोजन फ़िलिस्तीन की जनता के अधिकारों की वापसी में प्रभावी बने।

हदिया अब्बास ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान ने इस्लामी क्रान्ति की सफलता के बाद से अब तक कभी भी फ़िलिस्तीनियों की मदद में कोई कोताही नहीं की है।

जार्डन के संसद सभापति सैयद आतिफ़ अत्तरावनह ने भी इस सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उनका देश फ़िलिस्तीन के साथ खड़ा है और फ़िलिस्तीनी जनता ही इस धरती की असली मालिक है।

मेडागास्कर के संसद सभापति राकोट नाकाटो मानाना ने अपने भाषण में इस्लामी क्रान्ति के वरिष्ठ नेता के भाषण का हवाला देते हुए कहा कि फ़िलिस्तीन को न्यायसंगत पक्ष मान कर उसका समर्थन करना चाहिए।

माली के संसद सभापति ईसाका सीदीबा ने इस सम्मेलन में अपने भाषण में कहा कि विश्व के देशों को चाहिए कि फ़िलिस्तीन को मान्यता दें और माली फ़िलिस्तीन की उमंगों और फ़िलिस्तीनियों की स्वदेश वापसी का समर्थन करता है।

यूगांडा के संसद सभापति रिब्का कादाबा ने अपने भाषण में कहा कि फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए और अफ़्रीक़ा संघ तथा गुट निरपेक्ष आंदोलन फ़िलिस्तीनी जनता के साथ खड़े हैं।