तुर्की में महिलाएं 16 अप्रैल के प्रस्तावित रेफ़्रेन्डम के ख़िलाफ़ हैं
तुर्की में महिलाओं ने अप्रैल में प्रस्तावित रेफ़्रेन्डम के ख़िलाफ़ वोट देने की अपील करते हुए इस रेफ़्रेन्डम का विरोध किया है।
शनिवार को इस्तांबोल में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने प्रदर्शन कर राष्ट्र से 16 अप्रैल के प्रस्तावित उस जनमत संग्रह के ख़िलाफ़ वोट देने की अपील की है जिसका लक्ष्य तुर्क राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान की सत्ता पर पकड़ को मज़बूत बनाना है।
शनिवार को प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने दावा किया कि अगर संवैधानिक बदलाव का बिल अनुमोदित हो गया तो इसके नतीजे में देश में एक पार्टी की व्यवस्था वजूद में आएगी और सारी ताक़त सत्ताधारी जस्टिस एंड डेवलप्मंट पार्टी के हाथ में चली जाएगी।
शनिवार को इससे पहले तुर्क प्रधान मंत्री बिनाली येलद्रम ने राजधानी अंकारा में एक रैली के दौरान जनता से अप्रैल में प्रस्तावित रेफ़्रेन्डम के पक्ष में वोट डालने की अपील की है। यह रैली अंकारा के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित हुयी थी।
ग़ौरतलब है कि तुर्क राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान ने 10 फ़रवरी को उस विधेयक को हरी झंडी दे दी है जिससे इस देश की राजनैतिक व्यवस्था राष्ट्रपति तंत्र पर आधारित हो जाएगी इस स्थिति में कि तुर्क जनता 16 अप्रैल के प्रस्तावित रेफ़्रेन्डम में इस बिल के पक्ष में वोट दे। (MAQ/N)