अरब लीग में सीरिया की सदस्यता बहाल की जाए, इब्राहीम जाफ़री
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i37928-अरब_लीग_में_सीरिया_की_सदस्यता_बहाल_की_जाए_इब्राहीम_जाफ़री
इराक़ के विदेश मंत्री इब्राहीम जाफ़री ने कहा कि इराक़ किसी भी देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की कोशिश नहीं करता और आतंकवाद से लड़ाई के लिए बग़दाद और दामिश्क़ के बीच पूर्ण समन्वय पाया जाता है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०८, २०१७ ०८:५० Asia/Kolkata
  • अरब लीग में सीरिया की सदस्यता बहाल की जाए, इब्राहीम जाफ़री

इराक़ के विदेश मंत्री इब्राहीम जाफ़री ने कहा कि इराक़ किसी भी देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की कोशिश नहीं करता और आतंकवाद से लड़ाई के लिए बग़दाद और दामिश्क़ के बीच पूर्ण समन्वय पाया जाता है।

इब्राहीम जाफ़री ने मंगलवार की शाम क़ाहेरा में अरब लीग के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक में कहा कि अरब लीग में सीरिया की सदस्यता बहाल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अरब लीग में सीरिया की वापसी इस देश के संकट के समाधान में मददगार साबित होगी। इब्राहीम जाफ़री ने कहा कि सीरिया में आतंकवाद का पूर्ण सफ़ाया ज़रूरी है।

ज्ञात रहे कि सीरिया में संकट शुरू होने के कुछ ही महीने बाद नवम्बर 2011 में अरब लीग के विदेश मंत्रियों ने सीरिया संकट के समाधान के संबंध में अरब लीग के प्रस्ताव का विरोध करने के कारण सीरिया की सदस्यता स्थगित कर दी थी।

इब्राहीम जाफ़री ने अपने भाषण में मूसिल में इराक़ी बलों की प्रगति के बारे में बताया कि राजनैतिक दलों के बीच पूर्ण एकजुटता के साथ दाइश के विरुद्ध लड़ाई जारी है। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे से बहुत से देशों से दाइश को आर्थिक और सामरिक मदद मिल रही है और कुछ देशों ने इराक़ और सीरिया में आतंकियों के प्रवेश की रास्ता प्रशस्त कर रखा है।