लीबिया संकट, कूटनीति से हल होः रूस
(last modified Tue, 14 Mar 2017 13:50:44 GMT )
Mar १४, २०१७ १९:२० Asia/Kolkata

रूस ने लीबिया संकट के कूटनीतिक समाधान पर बल दिया है।

रूस के उप विदेशमंत्री ने कहा है कि लीबिया के संकट का समाधान कूटनीति के माध्यम से ही किया जाना चाहिए।  मीखाइल बोग्दानेफ़ ने यह बात मास्को में लीबिया के सेना प्रमुख के साथ भेंट में कही है।  उन्होंने जनरल ख़लीफ़ा हफ़्तर के साथ भेंट में लीबिया संकट के शांतिपूर्ण समाधान के साथ ही इस देश की एकता और अखण्डता पर भी बल दिया।  उन्होंने कहा कि मास्को, लीबिया संकट के सामधान में हर प्रकार से सहयोग के लिए तैयार है।  रूस का मानना है कि कुछ देश, लीबिया के संसाधनों के दोहन के बहाने वहां पर हस्तक्षेप कर रहे हैं ताकि बाद में वहां के स्रोतों से लाभ उठाएं।

पिछले सप्ताह रूसी राष्ट्रपति के मीडिया प्रभारी देमित्री पेस्कोफ़ ने कहा था कि मास्को, लीबिया में एक एेसी सरकार का इच्छुक है जो पूरी शक्ति से इस देश का संचालन करने में सक्षम हो।  उन्होंने कहा कि रूस के लिए बहुत महत्व रखता है कि विदेशी हमले से बुरी तरह प्रभावित लीबिया, एक सफल देश के रूप में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हो।  सीरिया की वर्तमान स्थिति अब भी चिंताजनक एवं तनावपूर्ण है।  लीबिया के बारे में रूस का मानना है कि वह पश्चिमी देशों की तनाव बढ़ाने वाली नीतियों की बलि चढ़ा है।  लीबिया संकट के समाधान के उद्देश्य से रूस, लीबिया के भीतर विभिन्न गुटों से विचार-विमर्श का इच्छुक है।  इससे यह स्पष्ट होता है कि लीबिया में रूस की उपस्थिति, उन पश्चिमी और अरब देशों के लिए गंभीर चुनौती है जो लीबिया के भविष्य के बारे में अभी से अपनी भूमिका निर्धारित कर चुके हैं।  कई पश्चमी देशों की दृष्टि लीबिया के तेल और वहां के प्राकृतिक स्रोतों पर है।  टीकाकारों का कहना है कि लीबिया में सक्रिय आतंकवादी गुटों का कुछ देशों द्वारा समर्थन इसी परिप्रेक्ष्य में समीक्षा योग्य है।