सऊदी अरब ने मारे 32000 यमनी
पिछले दो वर्षों के दौरान सऊदी अरब ने यमन में 32000 से अधिक यमनवासियों की हत्या की है।
अलमसीरा टीवी चैनेल के अनुसार यमन के मानवाधिकार केन्द्र ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के हमले में यमन के कम से कम बत्तीस हज़ार आम नागरिक मारे गए हैं।
इस रिपोर्ट के अनुसार माने जाने वाले इन 32000 से अधिक आम नागरिकों में कम से कम 2646 बच्चे और 1922 महिलाएं हैं।
मानवाधिकार केन्द्र की इस रिपोर्ट के अनुसार यमन पर सऊदी अरब के हमले में चार लाख तीन हज़ार चालिस घर नष्ट हो गए, सैकड़ों मस्जिदें टूट गईं। इस हमले में 270 अस्पताल और स्वास्थ्य केन्द्र, 161 बिजलीघर, 307 पानी की टंकियां, 339 टेलिफोन केन्द्र 103 स्टेडियम और 1624 सरकारी कार्यालय नष्ट कर दिये गए। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सऊदी अरब के हमले में यमन के 223 पर्यटन केन्द्र और 206 एतिहासिक धरोहरें नष्ट हो गईं।
इसी बीच यमन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान जारी करके बताया है कि पिछले दो वर्षों से सऊदी अरब की ओर से किये जाने वाले निरंतर आक्रमणों में हज़ारों लोग घायल हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब ने मार्च सन 2015 से यमन पर आक्रमण आरंभ कर रखा है जो अभी भी जारी है।