इस्राईल से संघर्ष हमारा स्वभाविक अधिकार हैः हमास
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के राजनैतिक कार्यालय के प्रमुख ने बल दिया है कि जब तक फ़िलिस्तीन का अतिग्रहण जारी रहेगा, अतिग्रहणकारी ज़ायोनी शासन के साथ संघर्ष जारी रहेगा।
इस्ना की रिपोर्ट के अनुसार हमास के राजनैतिक कार्यालय के प्रमुख ख़ालिद मशअल ने ग़ज़्ज़ा में हमास के वरिष्ठ नेता माज़िन फ़ुक़हा को श्रद्धांजलि पेश करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कांफ़्रेंसिंग द्वारा संबोधित करते हुए कहा कि बंदियों के आदान प्रदान में स्वतंत्र होने वाले माज़िन फ़ुक़हा की हत्या में ज़ायोनियों के अपराधों का प्रतिरोध द्वारा जवाब, खेल की बिसात को बदल देगा।
हमास के राजनैतिक कार्यालय के प्रमुख ने ज़ायोनी शत्रुओं से फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के संघर्ष को स्वभाविक बताया और फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ताओं और मुजाहेदीन की ओर से अमानत के रूप में प्रतिरोध के जारी रहने पर बल दिया।
ज्ञात रहे कि शुक्रवार की शाम अलक़स्साम ब्रिगेड के कमान्डर माज़िन फ़ुक़हा को ग़ज़्ज़ा पट्टी के दक्षिण में स्थित तल हवा क्षेत्र में उनके घर के सामने गोली मार कर शहीद कर दिया गया था। माज़िन फ़ुक़हा को 2011 में बंदियों के आदान प्रदान में स्वतंत्र कराया गया था। (ak)