अपने देश में अमरीकी सैन्य छावनी की अनुमति नहीं देंगेः जाफ़री
इराक़ के विदेशमंत्री इब्राहीम जाफ़री ने कहा है कि देश में अमरीकी छावनी बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इब्राहीम जाफ़री ने समाचारपत्र अश्शरक़ुल औसत को दिये साक्षात्कार में कहा है कि इराक़ की सरकार, देश में कहीं भी अमरीकी छावनी बनाने की अनुमति नहीं देगी। उन्होंने कहा कि इराक़ से दाइश की समाप्ति निकट है अतः वे बाहरी सैनिक जो देश में मौजूद हैं उनकी संख्या कम की जाए।
इराक़ी विदेशमंत्री ने कहा कि निकट भविष्य में आतंकवादी गुट दाइश का इराक़ से सफ़ाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने अमरीकी सैन्य सलाहकारों के बारे में ही अपनी सहमति दी थी और अमरीका के साथ केवल संयुक्त स्ट्रैटेजिक समझौते पर ही सहमति हुई है।
उल्लेखनीय है कि अमरीका ने सन 2011 में इराक़ से अपने सैनिक निकाले थे किंतु बाद में दाइश से मुक़ाबले के बहाने अपने सैनिक सन 2014 में पुनः इराक़ भेजे। वर्तमान समय में इराक़ में लगभग पांच हज़ार अमरीकी सैनिक मौजूद हैं।