इराक़, कई धमाकों में कई हताहत व घायल
इराक़ी पुलिस के एक सूत्र ने बग़दाद के पश्चिमी और दक्षिणी बग़दाद में होने वाले दो धमाकों में 9 लोगों के हताहत व घायल होने की सूचना दी है।
अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी सूत्र ने बताया कि गुरुवार को पश्चिमी बग़दाद के हसवा अबू ग़ुरैब क्षेत्र के बाज़ार के निकट कार बम का धमाका हुआ जिसमें पांच लोग घायल हो गये।
इस सूत्र ने बताया कि दक्षिणी बग़दाद के अलमदाएन क्षेत्र में सड़क के किनारे लगाए गये बम के धमाके में एक व्यक्ति हताहत और तीन अन्य घायल हो गये।
इराक़़ के सुरक्षा अधिकारियों और राजनेताओं का कहना है कि रणक्षेत्र में सेना के हाथों भारी पराजय के बाद आतंकवादी गुट दाइश सेना और जनता के मनोबल को कमज़ोर करने के लिए आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैंं।
इसी मध्य नैनवा प्रांत की स्वतंत्रता के अभियान के कमान्डर अब्दुल अमीर रशीद यारल्लाह ने कहा है कि आतंकवादियों के साथ भीषण झड़पों के बाद सेना ने पश्चिमी मूसिल के यरमूक सानी नामक मोहल्ले को आतंकियों के क़ब्ज़े से स्वतंत्र करा लिया है।
इराक़ की मीडिया वाॅर इकाई ने भी कहा है कि वायु सेना ने पश्चिमी मूसिल के 17 तम्मूज़ क्षेत्र में ओक़ाबुल ख़िलाफ़ा नामक दाइश की छावनी को निशाना बनाकर उसे पूरी तरह तबाह कर दिया। सेना की इस कार्यवाही में दर्जनों आतंकी मारे गये और घायल हुए हैं। (AK)