कर्बला को दहलाने की योजना विफल
इराक़ के पवित्र नगर करबला में विस्फोट करने की एक कार्यवाही को विफल बना दिया गया।
बग़दाद से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के अलअंबार प्रांत के पुलिस प्रमुख के भाई को दाइश के दो आतंकियों के साथ उस समय गिरफ़्तार कर लिया गया जब वे लोग पवित्र नगर करबला में बम विस्फोट करने की कोशिश कर रहे थे।
कर्बला प्रांत के गवर्नर नसीफ़ जासिम अलख़ेताबी ने बताया कि अल अंबार प्रांत के पुलिस प्रमुख हादी रज़ीज का भाई फ़लाह रज़ीज, दाइश के दो आतंकियों के साथ विस्फोटक पदार्थों से लदी हुई एक कार कर्बला में ले जाना चाहता था किन्तु सुरक्षा अधिकारियों ने संदेह के कारण इस कार को ज़ब्त करने के साथ ही तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया है कि विस्फोटक पदार्थ को कार के टायर में छिपाया गया था।
ज्ञात रहे कि कर्बला प्रांत इराक़ के उन प्रांतों में से हैं जहां पर काफी हद तक शांति है लेकिन इसके बावजूद कभी-कभी और विशेष रूप से धार्मिक अवसरों पर आतंकवादी, बम विस्फोट करने में सफल हो जाते हैं। (AK)