यमनी सेना ने सऊदी एजेन्टों के दांत खट्टे कर दिए
संचार माध्यमों ने यमन के जौफ़ प्रांत के नेहम शहर के ईदा क्षेत्र में सऊदी अरब के एजेन्टों पर यमनी सेना और स्वयं सेवी बलों के भीषण हमले की सूचना दी है।
अलमसीरा टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार यमन की सेना ने इसी प्रकार असीलान क्षेत्र के अस्साक़ इलाक़े में सऊदी अरब के एजेन्टों के एकत्रित होने के स्थान को निशाना बनाया जिसमें दर्जनों सऊदी एजन्टों के मारे जाने की सूचना है।
शुक्रवार की सुबह भी जीज़ान प्रांत में यमनी सेना और स्वयं सेवी बलों के तोपख़ानों के हमले में कुछ सऊदी सैनिक मारे गये थे। यमन के स्थानीय सूत्रों ने भी रिपोर्ट दी है कि सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने जौफ़ प्रांत के कत्ताफ़ शहर सहित कई क्षेत्रों पर कई बार बमबारी की। इन हमलों में कितना नुक़सान हुआ है इसके बारे में रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो सकी है।
दूसरी ओर सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन के केन्द्र मआरिब प्रांत के हरीब क़रामीश क्षेत्र पर कलस्टर बम से हमला किया।
इसी प्रकार उत्तरी प्रांत सादा के अफ़रा नामक सीमावर्ती क्षेत्र में एक यमनी नागरिक सऊदी सैनिकों की फ़ायरिंग में घायल हो गया।
सऊदी अरब ने मार्च 2015 से यमन पर व्यापक हमले आरंभ कर रखे हैं जिनमें दसियों हज़ार लोग हताहत और लाखों बेघर हो चुके हैं। (AK)