क़तर के बारे में सारे विकल्प मेज़ परः बहरैनी विदेशमंत्री
बहरैन के विदेशमंत्री ख़ालिद आले ख़लीफ़ा ने कहा है कि क़तर के बारे में सारे विकल्प मेज़ पर मौजूद हैं।
मेहर समाचार एजेन्सी के अनुसार बहरैन के विदेशमंत्री ने सऊदी अरब के एक समाचारपत्र "मक्के" को दिये अपने साक्षात्कार में कहा है कि क़तर, अपनी नीतियों में परिवर्तन करे अन्यथा सारे विकल्प मेज़ पर हैं। ख़ालिद आले ख़लीफ़ा ने कहा कि क़तर ने कुवैत के शासक को इतना समय नहीं दिया कि उनके प्रयास सफल हो सकें।बहरैन के विदेशमंत्री के अनुसार क़तर को अपनी नीतियां बदलनी होंगी और केवल मौखिक बातों से काम चलने वाला नहीं है।
फ़ार्स की खाड़ी की सहयोग परिषद से क़तर को निकाले जाने के बारे में बहरैन के विदेशमंत्री ने कहा कि जो भी इस परिषद, देशों और राष्ट्र के हित में होगा उसके करने में हम बिल्कुल नहीं हिचकेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपनी नीतियों पर अडिग हैं और उनसे बिल्कुल भी पीछे हटने वाले नहीं हैं।